Koderma News: पदभार संभालते ही एक्शन में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, समाहरणालय का किया औचक निरीक्षण
जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का लक्ष्य
कोडरमा के नए उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने समाहरणालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का निर्देश दिया। बैठक के बाद उपायुक्त ने विभिन्न विभागों और आधार पंजीयन केंद्र का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली में सुधार लाने की बात कही।
कोडरमा: समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। कार्यभार ग्रहण करने के बाद बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसरोकारों को केंद्र में रखकर कार्य करने तथा राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।
उपायुक्त ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई और कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक उत्तरदायित्व भी है, जिसे सभी पदाधिकारियों को पूर्ण निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निभाना चाहिए।

विभिन्न विभागों और कार्यालयों का निरीक्षण किया

उपायुक्त ने अभिलेखों के संधारण, कार्यालयों की स्वच्छता, समयपालन तथा कर्मियों की कार्य संस्कृति में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रवि जैन, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, नजारत उप समाहर्ता तुषार राय, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सुभाष यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

