हर्बल गुलाल के साथ मनेगी होली, सखी मंडल की दीदियों ने शुरू किया 10 क्विंटल उत्पादन
उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने किया हर्बल गुलाल का लोकार्पण
मेदिनीनगर, पलामू में इस वर्ष होली पर कैमिकल रंगों की जगह हर्बल गुलाल की मांग बढ़ गई है। ग्रामीण विकास विभाग के ‘पलाश’ ब्रांड के तहत सखी मंडल की दीदियां प्राकृतिक उत्पादों से लगभग 10 क्विंटल हर्बल गुलाल तैयार कर रही हैं।
पलामू : इस वर्ष होली पर कैमिकल युक्त रंगों की जगह हर्बल गुलाल की मांग बढ़ रही है। ग्रामीण विकास विभाग के ‘पलाश’ ब्रांड के तहत सखी मंडल की दीदियां प्राकृतिक उत्पादों से हर्बल गुलाल तैयार कर रही हैं। यह बातें उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने कहीं। वे समाहरणालय सभागार में सखी मंडल द्वारा निर्मित हर्बल गुलाल का लोकार्पण कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हर्बल गुलाल त्वचा के लिए सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार के नुकसान की आशंका कम रहती है। उन्होंने दीदियों को हर्बल अगरबत्ती एवं मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती के निर्माण के लिए भी प्रेरित किया।

होली को लेकर बाजार में रंग और अबीर की बिक्री तेज है। वहीं, प्राकृतिक उत्पादों से तैयार हर्बल गुलाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सखी मंडल की दीदियों ने रंगों के इस पर्व को आजीविका के वैकल्पिक साधन से जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय पहल की है।
प्राकृतिक रूप से तैयार पलाश गुलाल ‘पलाश मार्ट’ में उपलब्ध है। कार्यक्रम में एनडीसी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता करकेट्टा, जिला प्रबंधक स्किल एवं जॉब नवल किशोर राजू, जिला प्रबंधक अख्तर अंसारी, प्रवीण सिंह, बीपीओ सुनील कुमार सहित उत्पादक समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
