Hazaribagh News: सांसद का 'एक्शन' मोड: चौपारण के स्कूल में शिक्षकों की कमी पर DEO को लगाई फटकार
बच्चों को दिए सफलता के मंत्र, शिक्षक कमी पर डीईओ को कड़े निर्देश
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने चौपारण के बसरिया स्कूल का निरीक्षण कर शिक्षकों की कमी पर डीईओ को कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय में 'सांसद क्लास' लेकर विद्यार्थियों को अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य के प्रति प्रेरित किया।
हजारीबाग: शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने चौपारण प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय बसरिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया, शिक्षकों से मुलाकात की और छात्रों से सीधे संवाद कर उन्हें भविष्य एवं करियर को लेकर प्रेरित किया।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी की जानकारी मिलने पर सांसद मनीष जायसवाल ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) प्रवीण कुमार को फोन कर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी की छुट्टी समाप्त होने से पहले विद्यालय में शिक्षकों की कमी हर हाल में दूर की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।


इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांसद मनीष जायसवाल को एक आकर्षक पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। सांसद ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है। विद्यालय परिसर में सांसद के आगमन को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखा गया। बच्चों ने सांसद से खुलकर संवाद किया और अपनी समस्याओं एवं जरूरतों को भी साझा किया।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


