Hazaribagh News: विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर उपायुक्त हेमन्त सती ने की प्रेस वार्ता
त्रुटिरहित और पारदर्शी वोटर लिस्ट बनाना जिला प्रशासन का लक्ष्य
हजारीबाग समाहरणालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमन्त सती ने प्रेस वार्ता कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा जारी की। उन्होंने बताया कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांटेंगे और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
हजारीबाग: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के आलोक में 01 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों को हटाया जा सके।

29 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों का पुनर्गठन किया जाएगा, 05 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां दर्ज की जाएंगी तथा 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026 तक नोटिस एवं दावे/ आपत्तियां का निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसलिए सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें। इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी वेदवंती कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार एवं मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


