JPSC परीक्षा 2025: गिरिडीह में उपायुक्त ने किया सेंटरों का निरीक्षण, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
उपायुक्त ने कई परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
गिरिडीह में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा।
गिरिडीह: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा 2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
इसी क्रम में उपायुक्त, रामनिवास यादव ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों—HE उच्च विद्यालय, JC बोस स्कूल, गिरिडीह कॉलेज तथा BNS DAV स्कूल—का निरीक्षण किया।

जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 15,655 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनके लिए 43 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इतने बड़े पैमाने पर परीक्षा के आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त जोनल मजिस्ट्रेट एवं गश्ती दल लगातार केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अनुशासन बनाए रखने की अपील की। परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की गई थी।
सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती गई। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही थी ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री परीक्षा कक्ष में न ले जाई जा सके। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर पूर्णतः रोक लगाई गई थी।
