Jamshedpur News: मानगो में बनेगा स्लुइस गेट, बाढ़ से मिलेगी स्थायी राहत: सरयू राय
श्याम नगर में जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र के श्याम नगर में स्लुइस गेट निर्माण की घोषणा की है। यह परियोजना स्वर्णरेखा नदी के बढ़ते जलस्तर से हर साल होने वाली बाढ़ और जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से लाई गई है।
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र के श्याम नगर के लिए राहत भरी खबर दी है। उन्होंने रविवार को बताया कि स्वर्णरेखा नदी के किनारे शंकोसाई स्थित श्याम नगर में उस स्थान पर स्लुइस गेट का निर्माण कराया जाएगा, जहां बरसात के दौरान नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर नाले के माध्यम से निचले इलाकों में घुसकर हर साल जलजमाव और बाढ़ की स्थिति पैदा करता है।
सरयू राय के अनुसार, इस समस्या को देखते हुए उन्होंने स्वर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता के समक्ष स्लुइस गेट निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके साथ ही मानगो पुल से लेकर गौड़ बस्ती तक नदी के किनारे को मजबूत करने की योजना भी सुझाई गई थी, ताकि कटाव रोका जा सके और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी हो।

