Giridih News: उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में हुई स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक
सिविल सर्जन समेत सभी प्रमुख चिकित्सा अधिकारी मौजूद
गिरिडीह समाहरणालय में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुपोषण केंद्र, टीकाकरण और आगामी रक्तदान शिविरों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
गिरिडीह: समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त, साहब स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रखंडवार विस्तृत समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने ANC रजिस्ट्रेशन, संस्थागत प्रसव (Institutional Delivery), पूर्ण टीकाकरण (Full Immunization), मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों की प्रखंडवार प्रगति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन प्रखंडों अथवा आयामों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, वहां विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) चलाकर निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जाए।


अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वर्तमान में जिले में 764 यूनिट रक्त उपलब्ध है। उप विकास आयुक्त ने सदर अस्पताल में संचालित ब्लड कंपोनेंट यूनिट की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पर्याप्त रक्त उपलब्धता जीवन रक्षक सिद्ध होती है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान को निरंतर प्रोत्साहित किया जाए।
रक्त संग्रहण बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में आयोजित होने वाले आगामी रक्तदान शिविरों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 22 जुलाई को विश्वनाथ नर्सिंग होम, 24 जुलाई को सलूजा गोल्ड स्टील प्लांट के कार्यालय तथा 27 जुलाई को नरेंद्र सिन्हा पार्क में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उप विकास आयुक्त ने इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला आरसीएच पदाधिकारी, अस्पताल उपाधीक्षक, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीपीएम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


