उपायुक्त रामनिवास यादव ने अरतोका में किया औचक निरीक्षण, अवैध पोकलेन जब्त करने के निर्देश
प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने बेंगाबाद के अरतोका क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ औचक निरीक्षण कर एक पोकलेन मशीन जब्त करने और प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरिडीह: प्रशासन द्वारा जिले में अवैध खनन, अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सतत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त, रामनिवास यादव ने जिले में अवैध खनन एवं अवैध उत्खनन के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत अरतोका क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अवैध खनन गतिविधियों की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन को जब्त करने तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन, अवैध उत्खनन अथवा खनिज संसाधनों का अवैध परिवहन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।


उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन एवं अवैध उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी रखे हुए है। भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध खनन संबंधी किसी भी सूचना से प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


