Dhanbad News: मैं विधायक नहीं, बाघमारा की जनता का सेवक हूं : शत्रुघ्न महतो
हरिणा में डुमरा बाजार समिति की बैठक में शामिल हुए विधायक
हरिणा में आयोजित डुमरा बाजार समिति की बैठक में बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि वे जनता के सेवक हैं और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
धनबाद: बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि वे केवल विधायक नहीं, बल्कि बाघमारा की जनता-जनार्दन के सेवक हैं और जनता के हर सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने का प्रयास हमेशा करते रहेंगे।
हरिणा में आयोजित डुमरा बाजार समिति की बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा, "जिस तरह बाघमारा की जनता ने मेरे छोटे भाई ढुल्लू महतो को अपना आशीर्वाद देकर तीन बार विधायक बनाया और मुझे भी अपने मत रूपी आशीर्वाद से विधायक चुना, वही मेरे सार्वजनिक जीवन और सेवा काल का सबसे बड़ा फल है। मुझे इससे अधिक कुछ नहीं चाहिए।"


बैठक के दौरान दुकानदारों ने एक स्वर में अवैध कोयला ढोने वाले बाइक सवारों के आतंक का मुद्दा उठाया। दुकानदारों ने बताया कि कई बाइक सवार एक ही वाहन पर भारी मात्रा में कोयले की बोरियां लादकर तेज रफ्तार से बाजार क्षेत्र से गुजरते हैं। विरोध करने पर वे मारपीट पर भी उतारू हो जाते हैं।
दुकानदारों ने कहा कि इनकी गतिविधियों के कारण बाजार में आने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसके चलते बाजार की दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।
इस पर विधायक शत्रुघ्न महतो ने बाजार समिति के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में बाजार समिति के सदस्य, स्थानीय दुकानदार तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


