Chatra News: पति की मौत के बाद शव के लिए तरसती रही पत्नी, अस्पताल ने थमा दिया 2.05 लाख का बिल
12 अगस्त को पुरुलिया में सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे शिवसागर उपाध्याय, इलाज के दौरान हुई मौत
चतरा के सिमरिया निवासी शिवसागर उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में है। पत्नी निक्की देवी का आरोप है कि इलाज के लिए करीब ढाई लाख रुपये जमा करने के बावजूद अस्पताल ने शव लेने के लिए 2.05 लाख रुपये का अतिरिक्त बिल दिया है।
चतरा: चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत चोपे पंचायत के बड़गांव निवासी एक गरीब परिवार इन दिनों भारी संकट से गुजर रहा है। परिवार के मुखिया एवं ट्रक चालक शिवसागर उपाध्याय (38 वर्ष), पिता स्व. रामलखन उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद उनकी पत्नी निक्की देवी अपने चार छोटे-छोटे बच्चों के साथ पिछले दो दिनों से रांची के बूटी मोड़, बरियातू स्थित आलम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के बाहर बैठी हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 12 अगस्त को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में शिवसागर उपाध्याय एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जाता है कि वह ट्रक से नीचे उतरे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित आलम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया।
निक्की देवी अपने चार बच्चों के साथ अस्पताल परिसर के बाहर ही बैठी हैं। परिवार के पास खाने-पीने तक की व्यवस्था नहीं है। पीड़ित परिवार ने सरकार, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों से मदद की गुहार लगाई है ताकि मृतक का शव उन्हें मिल सके और वे अपने पति का अंतिम संस्कार कर सकें।
इस हृदयविदारक घटना ने गरीब परिवारों के समक्ष इलाज और चिकित्सा व्यवस्था की कठिन वास्तविकताओं को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अब पीड़ित परिवार को किसी मसीहा और प्रशासनिक हस्तक्षेप का इंतजार है।
Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is dedicated to delivering stories that matter.
Related Posts


Latest News








