Boakaro News: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट का किया उद्घाटन
झारखंड लैंड ऑफ आर्चरी, यहाँ प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं: राज्यपाल गंगवार
बोकारो के मोहन कुमार मंगलमय स्टेडियम में आयोजित सेकंड एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड को 'लैंड ऑफ आर्चरी' बताया। उन्होंने कहा कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर यहाँ की ग्रामीण व जनजातीय प्रतिभाएँ विश्व मंच पर राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं।
बोकारो: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोहन कुमार मंगलमय स्टेडियम में आयोजित सेकंड एन ती पी सी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि झारखण्ड को लैंड ऑफ आर्चरी के रूप में भी जाना जाता है। यहाँ की कई प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर झारखण्ड की प्रतिभाएँ विश्व के बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं। राज्यपाल ने कहा कि तीरंदाजी केवल धनुष-बाण चलाने का खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, अनुशासन, संतुलन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का खेल है। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी हमें जीवन में भी यही संदेश देती है कि लक्ष्य स्पष्ट हो, मन एकाग्र हो और प्रयास निरंतर हो, तो सफलता की दिशा स्पष्ट होती जाती है।
उन्होंने कहा कि आज का राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट भी खिलाड़ियों को अपनी तकनीक परखने तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।राज्यपाल ने खिलाड़ियों से लक्ष्य ऊँचा रखने, अनुशासन को अपनी शक्ति बनाने तथा अपनी तकनीक एवं मानसिक एकाग्रता को निरंतर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन अपने पिछले प्रदर्शन से बेहतर करने की निरंतर कोशिश उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं तकनीकी अधिकारियों का झारखण्ड की धरती पर स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने झारखण्ड तीरंदाजी संघ, बोकारो जिला तीरंदाजी संघ, एन ती पी सीतथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को प्रतियोगिता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.










