Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने नगर निगम क्षेत्र की नगरीय व्यवस्था की समीक्षा की
नगर निगम अधिकारियों को आपसी समन्वय की हिदायत
हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती ने नगर निगम क्षेत्र की समीक्षा बैठक में बिना नक्शे स्वीकृत बने अवैध भवनों पर 7 दिनों के भीतर दस्तावेज जमा करने का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही जलजमाव, अतिक्रमण और आरोग्य मंदिरों में रिक्त पड़े डॉक्टर व मेडिकल स्टाफ के पदों को जल्द भरने का निर्देश दिया।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में नगर निगम क्षेत्र की वर्तमान नगरीय व्यवस्था एवं संचालित कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, जल निकासी, भवन निर्माण, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, वेंडिंग जोन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बरसात के दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में होने वाले जलजमाव की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जहां बिना समुचित जल निकासी व्यवस्था के निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त ने सहायक नगर आयुक्त से उनके कार्यों की जानकारी लेते हुए नगरीय व्यवस्था को ठोस कार्ययोजना के साथ दुरुस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने गलत तरीके से निर्मित भवनों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ऐसे निर्माणों पर रोक लगाने का स्पष्ट संदेश देने को कहा।
उन्होंने शहर में नालियों की नियमित एवं प्रभावी सफाई, स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था तथा अवैध एवं बड़े भवनों के विरुद्ध कार्रवाई को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर 15 दिनों के अंदर प्रस्ताव समर्पित करने को कहा।
शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की भी हुई समीक्षा बैठक में शहरी क्षेत्र में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इन केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाइयों की आपूर्ति एवं मानव संसाधन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों एवं आवश्यक मानव संसाधन के अभाव में इन स्वास्थ्य केंद्रों का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने एएनएम, जीएनएम, चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर सहित रिक्त पदों के विरुद्ध विज्ञापन प्रकाशित कर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि शहरी क्षेत्र के नागरिकों को इन स्वास्थ्य केंद्रों का बेहतर लाभ मिल सके।
पार्किंग एवं वेंडिंग जोन की व्यवस्था पर जोर
शहरी क्षेत्र में सड़कों पर बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने प्रॉपर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही वेंडिंग जोन के विकास एवं व्यवस्थित संचालन से संबंधित कार्यों का पूरा विवरण प्रस्तुत करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि शहर की नगरीय व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग एवं नगर निगम के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माण, अतिक्रमण एवं अन्य अनियमितताओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, टाउन प्लानर व अन्य उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.










