महाराष्ट्र सरकार से पालघर में साधुओं की लिंचिंग पर गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
नयी दिल्ली : महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं सहित तीन की लिंचिंग किए जाने के मामले पर गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से रिपोर्ट मांगी है. इस मामले में गृहमंत्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी ली. दोनों साधुओं की पुलिस के सामने पीट-पीट कर हत्या की गयी थी. पालघर के गड़चिरले गांव में साधुओं की पीट कर हत्या की गयी थी. दोनों साधु मुंबई से गुजरात जा रहे थे, इसी दौरान किसी ने उनके बच्चा चोर होने की अफवाह उ़ड़ा दी, जिसके बाद भीड़ ने पीट कर उनकी हत्या कर दी.
गृह मंत्रालय ने महाराष्ट्र सरकार से पालघर की घटना पर रिपोर्ट मांगी। https://t.co/MPU1hJAT3u— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 20, 2020
आरोपियों ने साधुओं के साथ ड्राइवर व एक पुलिस कर्मी पर भी हमला किया. इस मामले में पुलिस ने 110 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कुछ नाबालिग भी हैं. हमले के बाद दोनों साधु आके अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गयी. दोनों साधु जूना अखाड़े के थे.
इस हत्याकांड से साधु समाज में काफी गुस्सा है और उन्होंने एनएसए लगाने की मांग की है. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनके खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा. भाजपा के सांसद साक्षी महाराज ने इस मामले मंें रासुका लगाने की मांग भी उठायी है.




