पश्चिम बंगाल में केंद्रीय बलों की संख्या घटी, 500 से घटाकर 150 कंपनियां तैनात
कानून-व्यवस्था सामान्य होने पर केंद्र और राज्य स्तर पर लिया गया फैसला
पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती में बड़ी कटौती की गई है। विधानसभा चुनाव 2026 के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य में तैनात 500 कंपनियों में से अब केवल 150 कंपनियां ही रहेंगी।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती में बड़ा बदलाव किया गया है। विधानसभा चुनाव 2026 के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य में तैनात 500 कंपनियों की संख्या घटाकर अब 150 कंपनियां कर दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य में सामान्य स्थिति और शांतिपूर्ण माहौल को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद किसी भी संभावित अशांति को रोकने और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 500 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती जारी रखी गई थी। अब हालात सामान्य होने के बाद अधिकांश कंपनियों को वापस भेजने का फैसला लिया गया है।


उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 दो चरणों में संपन्न हुआ था। चुनाव के दौरान अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुल 2,407 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती की गई थी, जो पिछले चुनावों की तुलना में काफी अधिक थी। चुनाव प्रक्रिया अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण और लगभग हिंसामुक्त रही थी।
प्रशासन का मानना है कि वर्तमान में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। इसी के मद्देनजर केंद्रीय बलों की संख्या घटाकर 150 कंपनियां रखने का निर्णय लिया गया है, जबकि शेष बलों को चरणबद्ध तरीके से वापस भेजा जा रहा है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


