ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा का पीडीए नारा खुद ही पिट गया
विदेशी कंपनी से चुनावी रणनीति का लगाया आरोप
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने सपा के पीडीए अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका नारा पूरी तरह विफल हो चुका है।
लखनऊ: लखनऊ सुहेलेदव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए का नारा 'पीट देगा अहिर' खुद ही पिट गया है। फिर भी सपा अध्यक्ष करोड़ों अरबों ख़र्च कर नये-नये तरीके आजमा रहे हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर गुरूवार को लिखा कि जनता सब देख रही है। उसे यह भी दिख रहा है कि सपा के नेता-सांसद जंतर-मंतर की परिक्रमा कर रहे हैं लेकिन अखिलेश नहीं जा रहे हैं। अखिलेश तो ठहरे एसी-पीसी और ट्विटर वाले नेताजी। जंतर-मंतर तो जाएंगे नहीं। हां, उसके नाम पर फंडिंग इकट्ठी करेंगे और पुराना रखा माल इकट्ठा कर चुनाव में खपाने के लिए विदेशी कंपनी पर लुटा आयेंगे।
राजभर ने लिखा कि वैसे तो विदेश से आपका मोह बहुत ज़्यादा है लेकिन इधर देख रहा हूं कि आप विदेश के चक्कर ज़्यादा लगाने लगे हैं। पता लगाया तो माज़रा कुछ और निकला। पता चला है कि चुनाव जीतने के लिए आपने एक विदेशी कंपनी को खुफिया काम पर लगाया हुआ है। इसका काम जातियों में लड़ाई लगवाने का है ताकि आपकी 2027 की नैया पार लग सके, जो वैसे लगने वाली नहीं है। इसी की मॉनिटरिंग के लिए आप ख़ुद ही घूम रहे हैं।
राजभर ने अखिलेश का नाम लिए बगैर लिखा कि विदेशियों के चक्कर में मत पड़िए मित्र। चुनावी प्रतिष्ठा तो जा चुकी है पैसा भी बर्बाद हो जाएगा। फंडिंग से चुनाव जीता जाता तो राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल घर में बेरोजगार नहीं बैठे होते। हम तो आपके मित्र हैं, समझाना हमारा काम है, समझें तो ठीक वरना आप समझदार हैं।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
Related Posts

Latest News

