रांची के अखबारों की सुर्खियां : दुमका में ग्लाइडर दुर्घटना में इंजीनियर की मौत, शाहरुख से जुड़ी कंपनी पर कार्रवाई, अन्य खबरें
रांची : रांची के अखबारों ने आज दुमका में ग्लाइडर दुर्घटना, केरोना वायरस के खतरे व संसद में हंगामे की खबरों को प्रमुखता दी है.
प्रभात खबर की आज की लीड खबर का शीर्षक है: दुमका में ग्लाइडर क्रैश, इंजीनियर की मौत. अखबार ने लिखा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जब दुमका एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्होंने ग्लाइडर का निरीक्षण किया और इसी क्रम में पायलट ने उन्हें उड़ान भरने की पेशकश की, जिसे उन्होंने विनम्रता से अस्वीकार कर दिया. इसके डेढ घंटे बाद उड़ान भरा एक ग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें इंजीनियर धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गयी. एक खबर है कि बेतला नेशनल पार्क में दो दुर्लभ पक्षियों की मौत हो गयी. तीन दिन में दो हरियाल पक्षी मरे. वहीं, संसद में अनुराग ठाकुर व प्रवेश वर्मा के संबोधन के दौरान हंगामे की खबर है. दोनों के हाल के भाषण विवाद व चर्चा में आए थे. विपक्षी सांसदों ने गोली मारना बंद करो, लोकतंत्र बचाओ, भारत बचाओ के नारे लगाए. चतरा से खबर है कि भीड़ ने पशु व्यापारियों को पीट, माॅब लिंचिंग का केस दर्ज. केरल में केरोना वायरस का तीसरा मामला मिलने के खबर भी है और इसके साथ ही वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान है कि एलआइसी में पाॅलिसीधारकों के हितों की सुरक्षा होगी. उन्होंने यह बयान बजट में सरकार द्वारा एलआइसी की हिस्सेदारी बेचने के संदर्भ में दिया है. अंदर के पन्ने पर एक खबर है कि सीएए के विरोध में जारी धरना के दौरान उड़ी अफवाह, पुलिस प्रशासन परेशान. हालांकि अमन पसंद लोगों ने शांति बनाए रखने की पहल की. बोर्ड में निगमों के खाली पदों को सरकार द्वारा भरने की तैयारी की खबर भी अखबार में है.




