तालझारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन ठहराव की मांग, एबीवीपी ने रेल प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
छात्र-छात्राओं, मरीजों और व्यापारियों को हो रही भारी दिक्कत
साहिबगंज के तालझारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। परिषद का कहना है कि मालदा टाउन इंटरसिटी और हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से छात्र-छात्राओं, मरीजों और व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है।
साहिबगंज: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, नगर इकाई तालझारी ने मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस और हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (अप व डाउन) के ठहराव की मांग को लेकर मंडल रेल प्रबंधक, मालदा के नाम एक ज्ञापन सौंपा। नगर मंत्री सौरभ गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि प्रतिदिन भारी संख्या में छात्र-छात्रा, नौकरी पेशा व्यक्ति, व्यापारी और मरीज इन ट्रेनों से यात्रा करते हैं, लेकिन ठहराव नहीं होने के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानी और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ता है।
अब परिषद ने मांग की है कि तालझारी रेलवे स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव दिया जाए, जिससे हजारों यात्रियों और छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिल सके। इसके अलावा, करणपुरातो, महाराजपुर, सकरीगली और कल्याणचक स्टेशनों में पानी की सुविधा, शौचालय और प्रतीक्षालय की व्यवस्था भी की जाए।

