साहिबगंज का तीनपहाड़ बना अवैध लॉटरी का 'महाहब': बरहरवा से राजमहल तक फैला नेटवर्क, बर्बादी की कगार पर युवा
किस्मत आजमाने के चक्कर में कर्ज और बर्बादी
साहिबगंज जिले का तीनपहाड़ क्षेत्र इन दिनों अवैध लॉटरी का मुख्य केंद्र बन चुका है, जहां से बरहरवा, राजमहल और उधवा सहित पूरे जिले में इसका जाल फैल रहा है। इस 'सूखे नशे' के कारण स्थानीय बेरोजगार युवा कर्ज और अपराध की दलदल में फंस रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने वर्तमान सरकार और जिला प्रशासन पर मिलीभगत और खुफिया तंत्र के फेल होने का आरोप लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध धंधे में संलिप्त माफियाओं पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा जिला इकाई इसके खिलाफ सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिला का तीनपहाड़ क्षेत्र अब अवैध लॉटरी का हब बन चुका है। यहीं से बरहरवा, राजमहल, साहिबगंज शहर, मंगलहाट, उधवा समेत पूरे जिले में लॉटरी का नेटवर्क फैल रहा है। सबसे बड़ा शिकार बन रहे हैं क्षेत्र के युवा। किस्मत आजमाने के चक्कर में वे कर्ज, बर्बादी और अपराध की दलदल में धंसते जा रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि तीनपहाड़ से रोज सैकड़ों पर्चियां जिले भर में भेजी जाती हैं। हर गली-मोहल्ले में एजेंट एक्टिव हैं। 10 रुपये से शुरू होकर हजारों का दांव लगता है। सुनील नामक एक युवक के पिता ने कहा कि बेटा पहले मजदूरी करता था। लॉटरी की लत लगी तो काम छोड़ दिया। घर के बर्तन तक बेच दिए। अब सूद पर पैसा लेकर दांव खेलता है। हम बर्बाद हो गए।

तीनपहाड़ से पूरे जिले में पर्चियां कैसे पहुंच रही हैं? इंटेलिजेंस फेल क्यों? जब भाजपा जिलाध्यक्ष खुलेआम 'हब' बता रहे हैं, तो पुलिस की रेड कहां है? सरकार 'नशा मुक्त झारखंड' की बात करती है, पर 'सूखे नशे' पर चुप्पी क्यों? लॉटरी का टिकट 10 रुपये का है, पर इसकी कीमत एक युवा का पूरा भविष्य है। तीनपहाड़ की पहाड़ियों में अब पत्थर नहीं, बर्बाद हुए सपनों का मलबा बिखरा है।
सवाल सिर्फ अवैध धंधे का नहीं, उस सिस्टम का है जो युवाओं को रोजगार नहीं दे पाया। जब हाथ में काम नहीं होगा, तो हाथ लॉटरी की पर्ची की तरफ ही बढ़ेगा। प्रशासन के लिए ये 'लॉ एंड ऑर्डर' का मामला है, परिवारों के लिए 'लाइफ एंड डेथ' का।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
