Palamu News: जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: रामपुर गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग, एक युवक की मौत, 5 गंभीर
मकान तोड़ने को लेकर भड़की हिंसा, इलाके में भारी तनाव
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में शनिवार सुबह 95 डिसमिल विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें कई राउंड फायरिंग की गई। इस घटना में गोली लगने से सकेन्द्र चौधरी (30 वर्ष) नामक युवक की मौत हो गई, जबकि 74 वर्षीय बुजुर्ग और एक किशोर सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मेदिनीनगर: चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में शनिवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर लाठी-डंडे चले, पत्थरबाजी हुई और कई राउंड गोलियां भी चलाई गईं। इस खूनी संघर्ष में गोली लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव में लगभग 95 डिसमिल जमीन के एक बड़े हिस्से को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष के मंटू सिंह और उनके सहयोगी उक्त जमीन को अपनी बताकर बेचने की तैयारी में थे। वहीं, दूसरे पक्ष के सकेन्द्र चौधरी और उनके परिजन इसे सरकारी जमीन बताते हुए वर्षों से अपने दखल-कब्जे में होने का दावा कर रहे थे।
अस्पताल में उपचाराधीन घायलों ने बताया कि गांव की एक विधवा महिला ने उक्त विवादित जमीन पर अपना मकान बनाया था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और उस मकान को ढहा दिया। मकान तोड़े जाने की खबर मिलते ही दूसरा पक्ष भी मौके पर जुट गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि मकान तोड़ने आए लोगों ने अचानक लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इसी बीच हमलावरों की तरफ से कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें चार लोगों को गोली लग गई।
घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में एमएमसीएच लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद सकेन्द्र चौधरी (30 वर्ष), पिता- मधु चौधरी को मृत घोषित कर दिया।
घायलों के नाम:
यशवंत कुमार (16 वर्ष), पिता- उदय चौधरी
मधु चौधरी (74 वर्ष), पिता- भीखम चौधरी
संजय चौधरी, पिता- प्यारी चौधरी
संकेद्र चौधरी, पिता- ईश्वर चौधरी
उदय चौधरी
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
