Sahibganj News: टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता अभियान, सीएचसी में बांटे गए फूड पैकेट
दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने पर दिया विशेष जोर
साहिबगंज के सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महमूद आलम ने पांच टीबी मरीजों के बीच पोषण सहायता के तहत फूड पैकेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने मरीजों को नियमित दवा लेने और पौष्टिक आहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीबी से जल्द स्वस्थ होने के लिए दवा के साथ संतुलित पोषण भी बेहद जरूरी है।
साहिबगंज: सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महमूद आलम ने टीबी से पीड़ित पांच मरीजों के बीच पोषण सहायता के तहत फूड पैकेट का वितरण किया। वितरण के दौरान डॉ. आलम ने अपने हाथों से मरीजों को फूड पैकेट सौंपे और उनसे नियमित रूप से दवा लेने के साथ-साथ पौष्टिक आहार अपनाने की अपील की।
डॉ. महमूद आलम ने कहा कि टीबी जैसी बीमारी से जल्द स्वस्थ होने के लिए केवल दवा ही काफी नहीं है। इसके साथ संतुलित और पौष्टिक भोजन भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने बताया कि सरकार टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चला रही है, ताकि मरीज जल्द ठीक होकर सामान्य जीवन जी सकें। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने भी मरीजों से उपचार बीच में नहीं छोड़ने, समय पर दवा लेने और डॉक्टरों के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की।










