Shravani Mela 2026: महिला कांवरियों के लिए देवघर प्रशासन की अनूठी पहल, मातृत्व विश्राम गृह में मिल रही हर जरूरी सुविधा
मेला क्षेत्र के 10 केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों के लिए निशुल्क सुविधाएं उपलब्ध
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान देवघर जिला प्रशासन द्वारा संचालित मातृत्व विश्राम गृह महिला कांवरियों और उनके बच्चों के लिए राहत का केंद्र बने हुए हैं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की देखरेख में मेला क्षेत्र के 10 स्थानों पर स्थापित इन केंद्रों पर दूध, बिस्कुट, चॉकलेट, पेयजल, सेनेटरी पैड, डायपर और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। महिला सहायता कर्मी श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और सहयोग भी दे रही हैं।
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान देवघर जिला प्रशासन की पहल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित मातृत्व विश्राम गृह महिला श्रद्धालुओं और उनके बच्चों के लिए राहत एवं सुरक्षा का केंद्र बनकर उभरा है। मेला क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर स्थापित इन केंद्रों में महिला कांवरियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन रही है।
प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में कुल दस स्थानों पर मातृत्व विश्राम गृह संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं और बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दूध, बिस्कुट, चॉकलेट, पेयजल, सेनेटरी पैड और शिशुओं के लिए डायपर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा चौबीसों घंटे प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध है, ताकि लंबी पैदल यात्रा के दौरान होने वाली थकान और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
मातृत्व विश्राम गृहों का उद्देश्य केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि महिला श्रद्धालुओं को सम्मानजनक और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना भी है। यहां तैनात महिला सूचना सह सहायता कर्मी श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के साथ-साथ बच्चों की देखभाल के लिए भी सहयोग कर रही हैं।










