Sahebganj News: बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 47 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
जब्त शराब की कीमत करीब 36,540 रुपये आंकी गई
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने छापेमारी कर 47.160 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
साहिबगंज: बरहरवा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बरहरवा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 47.160 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 36,540 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन के वेटिंग हॉल के पास दो संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली बैग के साथ बैठे हुए हैं। सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और यात्रियों की मौजूदगी में उनके बैग की तलाशी ली।


आरपीएफ ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 262 पाउच विदेशी शराब यानी 47.160 लीटर शराब जब्त की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों और जब्त सामान को उत्पाद विभाग, साहिबगंज के उपनिरीक्षक दीपक कश्यप को सौंप दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब की मात्रा व्यक्तिगत उपयोग से कहीं अधिक है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ट्रेन के माध्यम से व्यावसायिक स्तर पर शराब तस्करी में शामिल थे। रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया कि ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध शराब एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


