जमीन विवाद में भतीजे ने की चाची की हत्या, वारदात के कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
कई महीनों से जमीन को लेकर परिवार में चल रहा था विवाद
साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। आरोप है कि धनु मरांडी ने अपनी 60 वर्षीय चाची रासो मुनी मुर्मू पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
साहिबगंज: जमीन का विवाद कितना खतरनाक हो सकता है, इसका जीता-जागता उदाहरण गुरुवार को तीनपहाड़ के बरमसिया गांव में देखने को मिला। यहां एक भतीजे ने कुल्हाड़ी उठाकर अपनी ही चाची का कत्ल कर दिया। घटना शाम करीब 6 बजे की है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, 60 वर्षीय रासो मुनी मुर्मू, पति स्व. होपा मरांडी, घर के आंगन में खाना खा रही थीं। तभी उनका भतीजा धनु मरांडी वहां पहुंचा। बिना कुछ कहे उसने कुल्हाड़ी से सिर और कान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ रासो मुनी मौके पर ही गिर पड़ीं और दम तोड़ दिया। हमला कर आरोपी फौरन जंगल की तरफ भाग निकला। शोर सुनकर आस-पास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

थाना प्रभारी मृत्यंजय कुमार पांडे का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इस खूनी वारदात के बाद बरमसिया गांव में सन्नाटा है। हर कोई बस एक ही सवाल पूछ रहा है - क्या जमीन इंसान से बड़ी हो गई?

Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


