लाठी और वाटर कैनन से युवाओं की आवाज नहीं दबा सकती सरकार: आजसू
परीक्षाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता की मांग
रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं की अनियमिताओं को लेकर विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के प्रयोग की आजसू पार्टी ने कड़े शब्दों में निंदा की है। आजसू के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने सरकार को चेतावनी देते हुए छात्रों से तत्काल संवाद करने और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की है।
रांची: JPSC-JSSC की परीक्षा एवं नियुक्ति व्यवस्था में अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन का इस्तेमाल करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। छात्रों को रोकने के लिए कंटीले तारों से बैरिकेडिंग तक की गई, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं का विधानसभा तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि सरकार के प्रति युवाओं का आक्रोश अब गहरा हो चुका है।
आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने इस घटना की तीव्र निंदा करते हुए कहा कि जिन युवाओं के हाथ में किताब, कलम और नियुक्ति पत्र होना चाहिए, उनके ऊपर लाठियां बरसाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए, उन पर पुलिस की ताकत नहीं आजमानी चाहिए।

उन्होंने कहा, सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि पुलिस की लाठी से युवा शक्ति को रोका नहीं जा सकता। झारखंड का युवा अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य की लड़ाई लड़ रहा है और आजसू पार्टी इस संघर्ष में युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News







