मोरहाबादी में पुलिसकर्मी को थार से कुचलने वाला चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
मोरहाबादी के प्राइम पार्क के पास वाहन जांच के दौरान हुई थी घटना
रांची के मोरहाबादी क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले थार चालक विश्राम उरांव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना 14 जुलाई को प्राइम पार्क के पास हुई थी।
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले थार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान बरियातू निवासी विश्राम उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक (सिटी डीएसपी) केवी रमण ने बुधवार को बताया कि यह घटना 14 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे मोरहाबादी स्थित प्राइम पार्क के समीप हुई थी। उस समय पुलिस की पेट्रोलिंग टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध काले रंग की महिंद्रा थार पर पड़ी, जिसके शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी, आगे का विंडशील्ड टूटा हुआ था तथा पीछे का नंबर प्लेट मिट्टी से ढका हुआ था।


घटना के बाद रांची पुलिस ने फरार वाहन की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों और वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू की। वाहन का नंबर ट्रेस करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपित विश्राम उरांव को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में इस्तेमाल की गई थार को भी जब्त कर लिया।
सिटी डीएसपी केवी रमण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वाहन पर ब्लैक फिल्म लगाने, नंबर प्लेट को मिट्टी से ढकने और वाहन की अन्य अनियमितताओं के पीछे क्या उद्देश्य था। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
इस बीच रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन जांच के दौरान पुलिस द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर पूरा सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि इस प्रकार के जांच अभियान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से चलाए जाते हैं। पुलिस ने चेतावनी दी कि जांच से बचने के लिए वाहन भगाने या पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


