झारखंड में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना की दिशा में बड़ा कदम, JFDC और SRFTI के बीच हुआ MoU
प्रोजेक्ट भवन में JFDC और SRFTI के बीच हुआ समझौता
झारखंड सरकार ने फिल्म एवं टेलीविजन शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए JFDC और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच MoU कराया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में हुए इस समझौते के तहत रांची में आधुनिक फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान स्थापित किया जाएगा।
रांची: झारखंड में फिल्म एवं टेलीविजन शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDC) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) के बीच झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट भवन सभागार में हुआ।
इस समझौते के तहत राज्य में आधुनिक सुविधाओं से लैस फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान विकसित किया जाएगा। संस्थान में अभिनय, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, पटकथा लेखन, साउंड, एनीमेशन और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। SRFTI पाठ्यक्रम तैयार करने, विशेषज्ञ फैकल्टी उपलब्ध कराने और तकनीकी मार्गदर्शन में सहयोग करेगा।


कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने भी इस पहल को राज्य के रचनात्मक उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान झारखंड के युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएगा।
स्थानीय फिल्म निर्देशक बीजू टोप्पो ने झारखंड सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में फिल्म संस्थान की स्थापना लंबे समय से कलाकारों की मांग रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे स्थानीय कलाकारों, फिल्म निर्माताओं और तकनीशियनों को प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा झारखंड का फिल्म उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और फिल्म निर्देशक बीजू टोप्पो ने इस पहल को लेकर अपने विचार भी साझा किए।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


