पेयजल मंत्री योगेंद्र प्रसाद की समीक्षा, 15 दिनों में बंद योजनाएं शुरू करने के निर्देश
अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के सख्त निर्देश
रांची के नेपाल हाउस में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ योजनाओं को 15 दिनों के भीतर शुरू कराने और लापरवाह अफसरों व ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में गोमिया विधानसभा क्षेत्र में नल-जल कनेक्शन की प्रखंडवार प्रगति का भी मूल्यांकन किया गया।
राँची: पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने राज्य में पेयजल विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निदेश दिया की योजनाओं की प्रगति में तेजी लायें तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने में गंभीरता से लें। राज्य स्तर से एक उच्चस्तरीय टीम गठित कर सभी योजनाओं का स्थलीय अवलोकन एवं विस्तृत समीक्षा कराई जाए तथा जिन योजनाओं में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उनमें 15 दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि में कार्य प्रारंभ नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों की भी जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वे शुक्रवार को नेपाल हाउस स्थित विभागीय कान्फ्रेस हाॅल में समीक्षा बैठक कर रहे थे । जिसमें धनबाद अंचल अंतर्गत तेनुघाट बहु-ग्रामीण जलापूर्ति एवं एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान विशेष रूप से गोमिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की विस्तृत चर्चा की गई।योजनाओं की भौतिक प्रगति, भुगतान स्थिति, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से योजनाओं का सत्यापन तथा ग्रामीणों से संवाद, साथ ही क्रियाशील घरेलू नल संयोजन की स्थिति को प्रमुख आधार बनाया गया।
घरेलू नल संयोजन की स्थिति
गोमिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों में घरेलू नल संयोजन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। गोमिया में कुल 52689 घरों में से 35191 घरों में नल जल से युक्त है, वहीं कसमार में 18574 में से 7499 घरों में, पेटरवा में 32687 में से 21799, नावाडिह में 26625 में से 14437 और चन्द्रपुरा में 11162 में से 9834 घरों में नल से जल युक्त हो गए हैं।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में जल जीवन मिशन के अभियान निदेशक, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता, पीएमयू, मुख्य अभियंता सी.डी.ओ., धनबाद के अधीक्षण अभियंता सहित चास एवं तेनुघाट प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.



