जेपी विचार मंच ने मनाया 'आपातकाल-प्रतिकार दिवस', काला बिल्ला लगाकर किया विरोध
काला बिल्ला लगाकर आपातकाल के विरोध में जताई एकजुटता
रांची के डिप्टी पाड़ा स्थित विधायक सी.पी. सिंह के आवासीय कार्यालय में जेपी विचार मंच, झारखंड प्रदेश द्वारा 'आपातकाल-प्रतिकार दिवस' मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को काला बिल्ला लगाकर आपातकाल का विरोध दर्ज किया।
रांची: जेपी विचार मंच, झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में मंच के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मलिक की अध्यक्षता में डिप्टी पाड़ा स्थित विधायक सी.पी. सिंह के आवासीय कार्यालय में 'आपातकाल-प्रतिकार दिवस' मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को काला बिल्ला लगाकर आपातकाल का विरोध दर्ज किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में सत्येंद्र कुमार मलिक ने आपातकाल का स्मरण करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने आपातकाल लागू कर जनता के मौलिक अधिकारों का हनन किया तथा सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को अपने नियंत्रण में ले लिया। उन्होंने कहा कि सरकार की अनुमति के बिना कोई भी कार्य करना संभव नहीं था। वास्तव में लोकतंत्र को तानाशाही में परिवर्तित कर दिया गया था।


मुख्य अतिथि एवं रांची के विधायक चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की आजादी के साथ-साथ डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में लोगों को और अधिक जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि समाज सजग नहीं रहा, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कार्यक्रम में 74 चेतना मंच के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा एवं अखौरी प्रमोद बिहारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
जेपी विचार मंच के प्रदेश प्रवक्ता शैलेश कुमार सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि राजनीति में सत्ता का चरम भोग करने की प्रवृत्ति अधिनायकवाद और तानाशाही को जन्म दे सकती है। इससे केवल जागरूक जनता ही लोकतंत्र की रक्षा कर सकती है। इसलिए समाज को सदैव सतर्क एवं जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम में उषा पांडेय, डॉ. ए.आर.के. वर्मा, नवेंदु उन्मेष, प्रदीप सिन्हा, डॉ. सचिन कुमार, प्रशांत नारायण, पंकज सिंह, लखन गुप्ता, उदय नारायण सिंह, रमाकांत वर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के उपरांत जेपी विचार मंच के सचिव प्रेम मित्तल के आवास पर जाकर उन्हें काला बिल्ला लगाया गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। इस अवसर पर उन्होंने जेपी विचार मंच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष आम जनता की लड़ाई थी और अंततः लोकतंत्र तथा जनता की ही जीत हुई।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

