झारखंड को नशामुक्त बनाने निकले युवा, मंत्री सुदिव्य कुमार ने दिखाई मैराथन को हरी झंडी
बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली जागरूकता मैराथन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड में नशामुक्ति अभियान के तहत रांची में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। मंत्री सुदिव्य कुमार ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार झारखंड में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जन-जागरूकता के उद्देश्य से गुरुवार को मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान से मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मैराथन में शामिल युवाओं का हर कदम झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाने का संकल्प है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का सपना झारखंड को नशामुक्त बनाना है और युवा इस संकल्प को पूरा करने के लिए कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।
बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकली मैराथन


साइकिल प्रतियोगिता के विजेता
पुरुष वर्ग
- प्रथम : शरद अहीर
- द्वितीय : सुभाष उरांव
- तृतीय : गुलशन डूंगडूंग
महिला वर्ग
- प्रथम : पूजा सिंह
- द्वितीय : निशा कुमारी
- तृतीय : मंजू कुमारी
मंत्री ने कहा कि झारखंड को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ युवा राज्य को बेहतर, सशक्त और समृद्ध बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सबल और जागरूक युवा ही विकसित झारखंड की पहचान होंगे।
कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। नशामुक्ति के क्षेत्र में उत्कृष्ट जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार करने वाले पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा, खिलाड़ी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा रांची सहित अन्य जिलों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


