नीट पर पीएम की संवेदनशीलता सराहनीय, आंगनवाड़ी कर्मियों पर भी ध्यान दें: जे.पी. पांडेय
प्रधानमंत्री की परीक्षा के प्रति संवेदनशीलता को बताया प्रेरणादायक
भाजपा किसान मोर्चा के नेता एवं आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नीट परीक्षा के दौरान दिखाई गई संवेदनशीलता की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जिस गंभीरता से परीक्षार्थियों की सुविधा का ध्यान रखा गया, उसी प्रकार आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की समस्याओं पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है।
रांची: भाजपा किसान मोर्चा झारखंड प्रदेश के नेता सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान कोलकाता हवाई अड्डे पर लगभग 45 मिनट तक रुकना नीट परीक्षा के महत्व और उसके प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह जानकारी थी कि उनके दौरे के दौरान नीट परीक्षा आयोजित हो रही है। ऐसे में उनके कारण किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी यात्रा कुछ समय के लिए रोक दी। साथ ही पश्चिम बंगाल सरकार को यह निर्देश भी दिया कि यदि उनके आगमन के कारण किसी सड़क को बंद किया गया हो, तो उसे तत्काल प्रभाव से खोल दिया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


उन्होंने सवाल उठाया कि आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को अब तक वेतनमान, ग्रेच्युटी, पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभ तथा अन्य कर्मचारी सुविधाएं क्यों नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों आंगनवाड़ी कर्मी दशकों से सेवा दे रही हैं, लेकिन आज भी उन्हें न्यूनतम वेतनमान और कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल पाया है।
पांडेय ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और विभिन्न उच्च न्यायालयों द्वारा भी आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के हित में कई महत्वपूर्ण टिप्पणियां और निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि देशभर की आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के हित में ठोस निर्णय लेकर उन्हें सम्मानजनक वेतनमान, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इससे महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा और देश को कुपोषण मुक्त एवं सक्षम मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


