पूजा स्थलों में चढ़ावा चोरी रोकने के लिए कड़े कानून बनाए जाएं: जे.पी. पांडेय
केंद्रीय संस्कृति मंत्री को पत्र लिखकर की पूजा स्थलों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग
भाजपा किसान मोर्चा के नेता एवं झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने देश के पूजा स्थलों में चढ़ावा चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से कड़े कानून बनाने की मांग की है।
रांची: भाजपा किसान मोर्चा, झारखंड प्रदेश के नेता सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने भारत के पूजा स्थलों में हो रही चढ़ावा चोरी की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को यथाशीघ्र पूजा स्थलों की निगरानी और सुरक्षा के लिए कठोर कानून बनाना चाहिए, ताकि कोई भी पुजारी, सेवक या अन्य व्यक्ति चढ़ावे में चोरी या हेराफेरी न कर सके।
उन्होंने कहा कि उन्होंने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर पूजा स्थलों में चोरी रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की है, ताकि सनातन समाज की आस्था पर हो रहे हमलों और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण लगाया जा सके।


जे.पी. पांडेय ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट ने 6 जुलाई को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है, जिसमें कई अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के प्रभारी चंपत राय स्वयं यह कह चुके हैं कि उनकी आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है और उन्होंने अपना पद भी छोड़ दिया है। उनके अनुसार, इतनी बड़ी चोरी और कथित चढ़ावा घोटाले में हुई अनदेखी की जिम्मेदारी संबंधित व्यवस्था तंत्र पर आती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी चोरी की घटनाओं को लेकर गंभीर हैं। इसी कारण मामले के सामने आते ही तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। अब तक इस मामले में कई बड़े खुलासे हुए हैं और लगभग आठ लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस मामले के तार उच्च स्तर तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
जे.पी. पांडेय ने कहा कि अब समय की मांग है कि भारत सरकार पूजा स्थलों की सुरक्षा और चढ़ावे की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कड़े कानून बनाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रह सके और सनातन समाज की आस्था को मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की चोरी की घटनाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आहत हैं और इससे पूजा स्थलों के प्रति उनका विश्वास प्रभावित हो रहा है, जो देश की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के लिए चिंताजनक स्थिति है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

