Ranchi News: कुलपति को 7 सूत्री मांग पत्र: हिंदू छात्र संघ ने DSPMU की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
हिंदू छात्र संघ ने DSPMU प्रशासन के खिलाफ खोली जांच की मांग
हिंदू छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति राजीव मोहर से मुलाकात कर खेल चयन में अनियमितता, शिक्षकों की लेटलतीफी और परिसर की बदहाली को लेकर 7 सूत्री मांग पत्र सौंपा। छात्र नेता प्रेम कुमार ने शिक्षकों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने और खेल विभाग में हुए कथित वित्तीय भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
रांची: हिंदू छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने DSPMU के कुलपति राजीव मोहर से मुलाकात कर छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7 सूत्री मांग पत्र सौंपा। संगठन ने विश्वविद्यालय में खेल विभाग, शिक्षकों की कार्यशैली एवं मूलभूत सुविधाओं में हो रही अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सत्र 2025-2026 में विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल एवं कबड्डी टीमों में विश्वविद्यालय के वास्तविक खिलाड़ियों की उपेक्षा कर बाहरी खिलाड़ियों को खेलने का अवसर दिया गया। इसके साथ ही एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं गर्ल्स टीमों को लेकर भी छात्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हुई हैं। संगठन ने इन सभी मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।

छात्र नेता प्रेम कुमार ने कहा कि “जहां कुलपति राजीव मोहर सर स्वयं सुबह 9:30 बजे विश्वविद्यालय पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं और छात्रों के बीच जाकर क्लास भी लेते हैं, वहीं कई शिक्षक निर्धारित समय के बावजूद देर से विश्वविद्यालय पहुंचते हैं और कई बार नियमित कक्षाएं भी नहीं लेते। यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।” उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की जाए तथा समय पर कक्षाएं नहीं लेने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा नई बिल्डिंग में बने शौचालयों की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए जल्द सफाई एवं मरम्मत कराने की मांग की गई। हिंदू छात्र संघ ने चेतावनी दी कि यदि छात्र हित से जुड़े इन मुद्दों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आंदोलन और प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। इस प्रतिनिधिमंडल में जीतू कुमार, सूरज गिरी, मनजीत सिंह, अभिजीत मिश्रा, राज रे एवं कर्मवीर उपस्थित रहे।
