Bokaro News: बीएसएल में “कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स” विषय पर 53 वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक आयोजित
शीर्ष प्रबंधन ने सम्मेलन की प्रासंगिकता और उद्देश्यों को रेखांकित किया
बोकारो स्टील प्लांट में आरडीसीआईएस के समन्वय से "कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स" पर 53वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस सम्मेलन में देश की प्रमुख इस्पात कंपनियों के विशेषज्ञों ने डीकार्बोनाइजेशन, परिचालन उत्कृष्टता और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के माध्यम से उद्योग को अधिक कुशल बनाने पर विचार-विमर्श किया।
बोकारो: स्टील प्लांट द्वारा आरडीसीआईएस, रांची के समन्वय में 7 एवं 8 मई को “कोल, कोक एवं कोल केमिकल्स” विषय पर 53वीं ऑपरेटिंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय इस्पात उद्योग से जुड़े 80 से अधिक विशेषज्ञ एवं तकनीकी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह समिति कोकिंग परिचालन से संबंधित पारंपरिक एवं उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हुए कोयला, कोक एवं कोल केमिकल्स प्रबंधन में दक्षता वृद्धि हेतु अनुभवों तथा सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान का एक प्रभावी मंच प्रदान करती है।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन 7 मई को मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य सभागार में किया गया। इस अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन ने सम्मेलन के उद्देश्यों, इसकी प्रासंगिकता तथा भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय इस्पात उद्योग में विचारशील नेतृत्वकर्ता के रूप में बोकारो स्टील प्लांट की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम में इस्पात उद्योग के विशेषज्ञों के साथ-साथ बीएसएल के कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

