Bokaro News: ट्रेजरी घोटाले की परतें खंगालने पहुँची राज्य की टीम: प्रधान सचिव अमिताभ कौशल के नेतृत्व में हुई बड़ी कार्रवाई
अवैध भुगतान मामले में अस्थायी पहचान संख्या से जुड़े दस्तावेजों की सघन जांच
बोकारो में ट्रेजरी से अवैध वेतन निकासी की जांच के लिए प्रधान सचिव अमिताभ कौशल के नेतृत्व में राज्य स्तरीय टीम ने एसपी कार्यालय और ट्रेजरी का निरीक्षण किया। टीम ने हजारों पन्नों के महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और मास्टर रोल पंजी को जब्त कर सूक्ष्म अध्ययन के लिए रांची ले गई है।
बोकारो: ट्रेजरी से वेतन मद में अवैध निकासी की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित जांच टीम शुक्रवार को बोकारो परिसदन पहुंची। टीम का नेतृत्व प्रधान सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अमिताभ कौशल कर रहे हैं।राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में प्रधान सचिव की अध्यक्षता में जांच टीम बोकारो पहुंची और जांच के क्रम में टीम ने जिला प्रशासन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे थे, जिन्हें जिला एवं पुलिस प्रशासन ने उपलब्ध करा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सुबह से ही टीम संबंधित दस्तावेजों का गहन अध्ययन कर रही है तथा जिन बिंदुओं पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता महसूस हो रही है, तथा कई पूरक जानकारी मांगी गई है, जिसे शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधान सचिव झारखण्ड ट्रेजरी कोड, पुलिस मैनुअल, झारखंड फाइनेंस रूल एवं वित्त विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों को मानक मानकर जांच कर रही है।जाँच समिति द्द्वारा हजारों पन्नों की प्रमाणित प्रतियां जांच टीम अपने साथ रांची ले जा रही है, जहां इनका विस्तृत अध्ययन किया जाएगा।
आवश्यकता पड़ने पर जांच टीम पुनः बोकारो का दौरा करेगी।जांच टीम का नेतृत्व कर रहे प्रधान सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग अमिताभ कौशल ने टीम के साथ कैंप टू स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के लेखा शाखा, हेड क्लर्क कक्ष, अकाउंटेंट कक्ष एवं सामान्य शाखा आदि का जायजा लिया।वहीं, टीम ने बोकारो ट्रेजरी का भी निरीक्षण किया तथा विपत्र प्राप्ति समेत विभिन्न कमरों का अवलोकन किया।

