Hazaribagh News: सावंत इंटर कॉलेज का शानदार रिजल्ट, इंटर परीक्षा 2026 में तीनों संकायों में छात्रों ने लहराया परचम
शत-प्रतिशत परिणाम से बढ़ा संस्थान का गौरव, विज्ञान, कला और वाणिज्य में छात्रों ने हासिल किए शीर्ष स्थान
सावंत इंटर कॉलेज, खपरियावाँ (हजारीबाग) के विद्यार्थियों ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की है। विज्ञान में मौसमी परवीन, कला में छाया व सलोनी और वाणिज्य में आकाश कुमार गिरी ने अपने-अपने संकायों में कॉलेज टॉप कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
हजारीबाग: इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा-2026 में सावंत इंटर कॉलेज, खपरियावाँ, हजारीबाग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विज्ञान, कला एवं वाणिज्य तीनों संकायों में कॉलेज का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। बेहतर परिणाम से छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों में भी उत्साह का माहौल है।
विज्ञान संकाय में मौसमी परवीन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया। वहीं स्नेहा कुमारी ने द्वितीय एवं कुनैन कादरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। कला संकाय में छाया कुमारी और सलोनी कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। शीतल कुमारी द्वितीय तथा साक्षी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वाणिज्य संकाय में आकाश कुमार गिरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया मंजू मिश्रा, पूजा राणा, शिक्षक श्याम सुंदर दास, किन्शु कुशवाहा, नेमचंद, भावेश मिश्रा, सुरेन्द्र कुमार, मयंक कुमार एवं शशि कुमार सिन्हा ने भी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
