Giridih News: सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई: डीटीओ ने जब्त किए तीन भारी वाहन, जीटी रोड पर मचा हड़कंप
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त का सख्त निर्देश
गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने जीटी रोड पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान डुमरी और निमियाघाट थाना क्षेत्र में मानकों का उल्लंघन करने वाले तीन भारी वाहनों को जब्त किया गया और कई चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई।
गिरिडीह: जिला उपायुक्त, रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा एवं अवैध परिवहन पर नियंत्रण को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी, संतोष कुमार ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जीटी रोड पर संचालित इस सघन जांच अभियान के दौरान डुमरी एवं निमियाघाट थाना क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तीन भारी वाहनों को जब्त किया गया।
जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक कागजातों की गहन जांच की गई। कई वाहनों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई, वहीं गंभीर अनियमितता पाए जाने पर तीन भारी वाहनों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ की गई।

