जेपीएससी बना 'लूट का अड्डा', अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार: बाबूलाल मरांडी
ठेके और कमीशनखोरी का केंद्र बना जेपीएससी संस्थान
बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितताओं पर मुख्यमंत्री से चेयरमैन को हटाने की मांग की है। उन्होंने संस्थान को 'लूट का अड्डा' बताते हुए आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग और कमीशनखोरी के कारण अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने बोकारो और रांची में परीक्षा रद्द होने को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की अपील की है।
रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रही अनियमितता पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की स्थिति राज्य में लगातार बदतर होती जा रही है। JPSC द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा में सामने आई गंभीर खामियों ने पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बोकारो और रांची के एक-एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र तक नहीं पहुंच पाए, जिसके कारण वहां परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इसके अलावा अंग्रेज़ी विषय में एक ही पैसेज से एक ही प्रश्न को दो बार पूछना और एक प्रश्न में विकल्प का गायब होना यह दर्शाता है कि परीक्षा आयोजन को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। हर परीक्षा में नई गड़बड़ियां सामने आना अब एक चिंताजनक प्रवृत्ति बन चुकी है।



