Jharkhand Politics News: राहुल गांधी पर आदित्य साहू के आरोपों का कांग्रेस मंत्रियों ने किया खंडन
मंत्रियों ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर भाजपा के आरोपों का जवाब दिया
झारखंड कांग्रेस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा राहुल गांधी पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया। मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की ने छात्रों के आंदोलन, पुलिस कार्रवाई और सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
रांची: झारखंड सरकार के मंत्री राधा कृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की ने आज झारखंड कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन, रांची में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर लगाए गए आरोपों का पूरी तरह खंडन किया।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया एंड कम्युनिकेशन विभाग द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉ. एम. तौसीफ भी उपस्थित थे।
भाजपा की मंशा छात्रों के मुद्दे पर चर्चा करने की नहीं थी : राधा कृष्ण किशोर

राधा कृष्ण किशोर ने भाजपा नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी के कार्यकाल में आंदोलनकारियों पर गोली चलाने की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 2 फरवरी 2001 को कोयल-कारो परियोजना में आंदोलनकारियों पर गोली चलाने की घटना में आठ लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के कार्यकाल में भी कई प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई में लोगों की जान गई।
सीबीआई जांच की मांग पर दीपिका पांडेय सिंह ने उठाए सवाल
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से छात्रों से वार्ता करने वाले प्रतिनिधिमंडल में वह भी शामिल हैं। सरकार चाहती है कि छात्रों की मांगों का समाधान हो। उन्होंने कहा कि जहां तक सीबीआई जांच की मांग का सवाल है, सीबीआई को वर्ष 2015 से अब तक कई परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच सौंपी गई है, लेकिन इन मामलों में जांच की प्रगति को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए NEET UG 2024, UGC-NET 2024, SSC CGL 2017, JEE Main 2021, WB SSC 2016, HP Police Constable 2022, Army CEE 2017 और Karnataka PSI 2021 सहित अन्य मामलों का उल्लेख किया।
दीपिका पांडेय सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2015 से अब तक इन मामलों में केवल एक दोषसिद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा न्यायिक सेवा 2017 मामले में अगस्त 2024 में दिल्ली की एक अदालत ने फैसला सुनाया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई ने नहीं, बल्कि चंडीगढ़ एसआईटी ने की थी।
राहुल गांधी पर आरोप लगाना चांद पर थूकने के बराबर : इरफान अंसारी
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को यह मालूम होना चाहिए कि राहुल गांधी पर आरोप लगाना चांद पर थूकने के बराबर है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पूरे देश में छात्रों की आवाज बनकर उभरे हैं और झारखंड के लिए भी उनका संदेश स्पष्ट है। वे किसी भी तरह की हिंसा के खिलाफ हैं और छात्रों की मांगों का समाधान संवाद के माध्यम से चाहते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आंदोलन के दौरान अस्वस्थ हो रहे छात्रों का मुफ्त इलाज उनकी देखरेख में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह नियमित रूप से अस्वस्थ छात्रों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ले रहे हैं।
भाजपा आंदोलन को हिंसक बनाने का प्रयास कर रही : शिल्पी नेहा तिर्की
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि भाजपा छात्र आंदोलन को हिंसक बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि राहुल गांधी और राज्य सरकार संवाद के माध्यम से ठोस समाधान की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा राहुल गांधी पर लगाए गए आरोपों को हताशा और निराशा में दिया गया बयान बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने आंदोलनकारी छात्रों से सीधे संवाद किया और पुलिस कार्रवाई की निंदा की है।
शिल्पी नेहा तिर्की ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भाजपा आज छात्रों की हितैषी बनने का दावा कर रही है, उसी भाजपा के शासनकाल में पत्थलगड़ी मामले में 10 हजार से अधिक आदिवासी युवाओं पर राष्ट्रद्रोह के मुकदमे दर्ज किए गए थे। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ है और भाजपा के हर उस प्रयास को विफल किया जाएगा, जो राज्य के अमन-चैन को बिगाड़ने की कोशिश करेगा।
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति, कलम ठाकुर, उज्ज्वल तिवारी, मृदुल राज और मो. खालिद भी उपस्थित थे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.









