Sahibganj News: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना किया अंतिम संस्कार
मालदा रेलखंड पर पोल संख्या 229/0 के पास हुआ हादसा, कबूतरखोपी निवासी था मृतक
साहिबगंज के मालदा रेलखंड पर पूर्वी फाटक और कबूतरखोपी के बीच मंगलवार को ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कबूतरखोपी निवासी मणिकांत उर्फ मानिकचंद्र रविदास के रूप में हुई है।
साहिबगंज: मालदा रेलखंड के पूर्वी फाटक और कबूतरखोपी के बीच पोल संख्या 229/0 के समीप मंगलवार को एक ट्रेन की चपेट में आने से कबूतरखोपी निवासी मणिकांत उर्फ मानिकचंद्र रविदास, (30 वर्ष), पिता रामवृक्ष रविदास की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय युवक नशे की हालत में था और जानबूझकर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव को रेलवे लाइन से उठाकर सीधे उसके घर पहुंचा दिया।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना न तो रेलवे सुरक्षा बल को दी गई और न ही स्थानीय पुलिस को। परिजनों ने जल्दबाजी में गुपचुप तरीके से उसी समय शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल और जिरवाबाड़ी थाना ने मामले की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।










