भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुरू, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया उद्घाटन
भाजपा प्रदर्शनी का प्रदेश अध्यक्ष ने किया अवलोकन
सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा किया गया। इस महाभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, अंत्योदय के सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा के मूल मंत्र से जोड़कर बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
रांची: पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशिक्षण वर्ग परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए संगठन की विचारधारा, सेवा कार्यों, सरकार की उपलब्धियों एवं ऐतिहासिक विषयों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री की जानकारी प्राप्त की।
संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रसेवा के मूल मंत्र से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, सेवा और संगठन की भावना के साथ कार्य करता है तथा इसी विचार को लेकर जनता के बीच जाना ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की रीति, नीति और विचारधारा के साथ संकल्पित होकर निरंतर आगे बढ़ने की बात कही।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
