Palamu News: विश्वशांति पदयात्रा एवं जन-जागरूकता अभियान को लेकर पर्वतारोहियों ने उपायुक्त से की मुलाकात
बेटी बचाओ, जल संरक्षण और मतदाता जागरूकता पर केंद्रित है पदयात्रा
मेदिनीनगर में 'विश्वशांति पदयात्रा' की टीम ने उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से मुलाकात कर अपने सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उपायुक्त ने टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें पलामू में सहयोग का भरोसा दिया। साथ ही, उन्होंने वर्तमान में चल रहे 'सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना)' कार्यक्रम के महत्व पर जोर देते हुए नागरिकों से इसमें भाग लेने और पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधारोपण करने की अपील की।
मेदिनीनगर: विश्वशांति पदयात्रा एवं जन-जागरूकता अभियान चला रही टीम ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान टीम ने अपने विश्वशांति पदयात्रा अभियान एवं विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपायुक्त को दी।
टीम ने बताया कि वे देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण कर विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मतदाता जागरूकता सहित अन्य जनहितकारी विषयों पर जागरूक कर रहे हैं। साथ ही आगे भी पलामू जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


उपायुक्त ने विशेष रूप से “सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना)” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि दिनांक 01 से 15 तक यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना के तहत नागरिक स्वयं अपने एवं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन पोर्टल अथवा मोबाइल के माध्यम से दर्ज कर सकते हैं, जिससे डेटा संग्रहण अधिक सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध हो सकेगा।
उन्होंने टीम से अपील की कि वे अपने भ्रमण के दौरान लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके महत्व एवं लाभों के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कराने में सहयोग दें। मौके पर उपस्थित लोगों ने भी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उनके अभियान की सफलता की कामना की। टीम में अवध बिहारी लाल, जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप एवं गोविंदा नंद शामिल थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


