Dhanbad News: मानवता शर्मसार, इलाज के नाम पर चाईबासा ले जाकर महिला से तीन दिनों तक दुष्कर्म
आरोपी पर अपहरण, दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
धनबाद के टुण्डी थाना क्षेत्र की एक आदिवासी महिला को पड़ोसी गांव के अनवर अंसारी ने इलाज के बहाने चाईबासा ले जाकर तीन दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता द्वारा पति को सूचना देने के बाद टुण्डी पुलिस ने तत्परता दिखाई और चाईबासा के कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के जंगल से महिला को सुरक्षित छुड़ाया। आरोपी को गिरफ्तार कर विभिन्न संगीन धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है।
धनबाद: टुण्डी थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपनी पड़ोसी महिला को इलाज कराने का झांसा देकर चाईबासा ले गया और वहां जंगल में बने खंडहरनुमा मकान में तीन दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रतनपुर पंचायत के विसनीपतरा गांव निवासी अनवर अंसारी (40) ने पड़ोसी गांव कोकराद की 30 वर्षीय आदिवासी महिला को बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिलाया। महिला उसके झांसे में आ गई और वह उसे अपने साथ चाईबासा ले गया। आरोप है कि कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के जंगल में स्थित एक सुनसान खंडहरनुमा मकान में महिला को बंधक बनाकर रखा गया और लगातार तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

