Dhanbad News: आउटसोर्सिंग वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे आजसू नेता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बिना सुरक्षाकर्मी के ओबीआर ट्रांसपोर्टिंग, आजसू प्रखंड अध्यक्ष ने रुकवाया काम
बाघमारा के महेशपुर कोलियरी स्थित आउटसोर्सिंग परियोजना में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आजसू प्रखंड अध्यक्ष राकेश ग्याली एक भीषण दुर्घटना का शिकार होने से बच गए। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने ट्रांसपोर्टिंग कार्य बाधित किया, जिसके बाद महाप्रबंधक के हस्तक्षेप और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के आश्वासन पर कार्य दोबारा शुरू हो सका।
बाघमारा: महेशपुर कोलियरी में संचालित आउटसोर्सिंग परियोजना के ओबीआर ट्रांसपोर्टिंग कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। सिनीडीह रोड क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार ट्रांसपोर्टिंग वाहन की चपेट में आने से आजसू प्रखंड अध्यक्ष राकेश ग्याली बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए ट्रांसपोर्टिंग कार्य बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार राकेश ग्याली अपनी कार से सुरेंद्र मार्केट सिनीडीह से बावनडीहा बस्ती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोड क्रॉसिंग पर अचानक तेज गति से आउटसोर्सिंग कंपनी का ओबीआर वाहन पहुंच गया। ग्याली ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह वाहन को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

मामले की सूचना गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक वी. विजय कुमार को दी गई। इसके बाद महाप्रबंधक ने आउटसोर्सिंग प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के बाद ही ट्रांसपोर्टिंग कार्य संचालित करने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होने के आश्वासन के बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य दोबारा शुरू कराया गया।
