Giridih News: शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर युवाओं को सामाजिक न्याय से जोड़ेगा टीएसफोर
टिंकू साव को सौंपी गई गिरिडीह जिलाध्यक्ष की कमान
तेली साहू समाज संघर्ष समिति (टीएसफोर) ने गिरिडीह में टिंकू साव के नेतृत्व में नई जिला कार्यसमिति का गठन कर संगठन विस्तार की घोषणा की है। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील साहू ने सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को पंचायत स्तर तक एकजुट करने पर बल दिया।
गिरिडीह: तेली साहू समाज संघर्ष समिति (टीएसफोर) ने गिरिडीह में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का बिगुल फूंक दिया है। रविवार को गिरिडीह परिसदन भवन में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भागवत साह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से जिला कार्यसमिति का विस्तार किया गया। बैठक में टीएसफोर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील साहू की गरीमामयी उपस्थिति रही।
टिंकू साव को मिली कमान, नई टीम का गठन
बैठक में सर्वसम्मति से टिंकू साव को गिरिडीह का नया जिलाध्यक्ष चुना गया। साथ ही शिव शंकर साहू को जिला उपाध्यक्ष, सुरेश प्रसाद साह को जिला महासचिव और प्रमोद कुमार गुप्ता को जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
'हजारों साल तक हुआ शोषण, संविधान से मिली राहत': सुनील साहू

"मनु मानसिकता के लोग भारतीय संविधान के सामने कमजोर तो हुए हैं, परंतु उनकी मानसिकता में बदलाव आज भी नहीं आया है। सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती देकर ही हम अपने उज्जवल भविष्य की कामना कर सकते हैं", सुनील साहू ने कहा।
'अब हर पंचायत तक पहुंचेगा टीएसफोर'
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भागवत साह ने कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन को ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाने के लिए स्थान बदल-बदल कर हर महीना जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष टिंकू साव ने कहा, "मेरी प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच बनाना और युवाओं को सामाजिक न्याय की लड़ाई से जोड़ना है। शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों पर हम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।" बैठक में समाज के हक-अधिकार, शैक्षणिक उत्थान और राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
