Dhanbad News: ब्रिटिश पार्लियामेंट और ऑक्सफोर्ड में सम्मानित डॉ. जीएल व डॉ. मनीषा प्रसाद का राजगंज में अभिनंदन
प्राचार्य धनंजय प्रसाद महतो ने मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर किया चिकित्सकों का अभिनंदन
राजगंज स्थित बिरसा मुंडा शिशु निकेतन में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त होम्योपैथी विशेषज्ञ डॉ. जीएल प्रसाद और डॉ. मनीषा प्रसाद के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। हाल ही में ब्रिटिश पार्लियामेंट और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में सम्मानित होकर लौटे डॉक्टर दंपति ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
धनबाद: राजगंज स्थित बिरसा मुंडा शिशु निकेतन, सालदाहा परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके होम्योपैथी विशेषज्ञ डॉ. जीएल प्रसाद एवं डॉ. मनीषा प्रसाद के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के निदेशक सह प्राचार्य धनंजय प्रसाद महतो ने दोनों चिकित्सकों को मोमेंटो, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें ब्रिटिश पार्लियामेंट और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित वर्ल्ड होम्योपैथी समिट सीजन-4 में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला है।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मनीषा प्रसाद ने कहा कि सच्ची लगन, अनुशासन और मेहनत के बल पर गांव और छोटे शहरों के बच्चे भी ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकते हैं। वहीं डॉ. जीएल प्रसाद ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षकों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
