डीसी दिलीप शेखावत ने जेएसएलपीएस की समीक्षा की, PMJJBY लाभुकों के आश्रितों को सौंपे ₹2-2 लाख के डमी चेक
स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर
पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय में आयोजित जेएसएलपीएस की मासिक समीक्षा बैठक में आजीविका योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंडों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
पलामू: मेदिनीनगर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में पलाश-जेएसएलपीएस (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, जेएसएलपीएस की जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. करकेट्टा, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा संबंधित कर्मी मौजूद रहे।
बैठक में पिछले माह दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के विभिन्न लक्ष्यों एवं उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कृषि, पशुपालन, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), उद्यमिता विकास, फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना, बैंक लिंकेज, स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन तथा अन्य आजीविका गतिविधियों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी प्रखंडों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।


बैठक में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत चार लाभुक परिवारों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए। लाभुकों में आशा कुमारी (पति स्व. हेमंत कुमार रवि), सुनीता देवी (पति स्व. शिबन भूईयां), दिलदार अंसारी (पति स्व. नाबिया बीबी) एवं लक्ष्मण शर्मा (पत्नी स्व. रीना देवी) शामिल हैं। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक समय पर पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के उपरांत जेएसएलपीएस की ओर से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को उपायुक्त ने प्रशस्ति-पत्र एवं डोनर कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के इस मानवीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
बैठक में जेएसएलपीएस के सभी जिला प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


