Sahebganj News: बोरियो की निर्माणाधीन जिरूल-करमाटांड़ सड़क बदहाल, कीचड़ से ग्रामीणों की आवाजाही ठप
जेटके पंचायत और आसपास के दर्जनों गांव प्रभावित
साहिबगंज जिले के बोरियो प्रखंड की निर्माणाधीन जिरूल-करमाटांड़ सड़क पहली ही बारिश में पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई है। सड़क पर मिट्टी और बोल्डर बिखरे होने के कारण वाहनों का आवागमन ठप है तथा एंबुलेंस न पहुँच पाने से मरीजों व गर्भवती महिलाओं को सीएचसी बोरियो पहुँचाने में भारी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
साहिबगंज: बोरियो प्रखंड की जिरूल-करमाटांड़ निर्माणाधीन सड़क बरसात शुरू होते ही लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क पर मिट्टी और बोल्डर उखड़ने के कारण बाइकें पलट रही हैं, टोटो फंस रहे हैं और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। निर्माण कार्य के दौरान कई जगह मिट्टी सड़क के बीचों-बीच फेंक दी गई है। बारिश का पानी भरने से जिरूल से सोसोटोला, सोसो टोला से दमगी, लीलाटांड़ और चपगोडडा के पास सड़क पूरी तरह कीचड़ युक्त हो गई है। जेटके पंचायत के आस-पास के गांवों में भी यही हाल है।
जेटके, चालधोवा, चपलगोडा, लीला टांड और नया टोला सोसो टोला के ग्रामीणों का प्रतिदिन बोरियो आना-जाना इसी रास्ते से होता है। सबसे ज्यादा परेशानी गर्भवती महिलाओं और बीमार मरीजों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण एंबुलेंस बोरियो सीएचसी तक नहीं पहुंच पा रही है। बीमारों को अस्पताल ले जाने में जो रास्ता 1 घंटे में तय होता था, उसमें अब 2 से ढाई घंटे लग जा रहे हैं।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


