Koderma News: जेजे कॉलेज को दूसरे विश्वविद्यालय में भेजने का विरोध, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
विश्वविद्यालय बदलने से छात्रों पर बढ़ेगा अतिरिक्त प्रशासनिक बोझ
जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति कोडरमा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर जगन्नाथ जैन कॉलेज को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर सर जेसी बोस विश्वविद्यालय में स्थानांतरित करने वाले गजट का विरोध किया। राज्यपाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान के लिए राज्य सरकार और शिक्षा मंत्री को पत्र भेजने का आश्वासन दिया है।
कोडरमा: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति, कोडरमा का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को झारखंड के महामहिम राज्यपाल से लोक भवन में मिला और उन्हें एक ज्ञापन पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा जारी उस गजट प्रकाशन का कड़ा विरोध जताया, जिसके तहत जे जे कॉलेज सहित कोडरमा जिला को विनोबा भावे विश्वविद्यालय (हजारीबाग) से हटाकर गिरिडीह स्थित सर जेसी बॉस विश्वविद्यालय में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से मांग की कि इस छात्र विरोधी- जनविरोधी गजट को तत्काल वापस लिया जाए तथा जे जे कॉलेज को पूर्व की भांति विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से ही संबद्ध रखा जाए। समिति ने सरकार के इस निर्णय से छात्र-छात्राओं के भविष्य, शैक्षणिक व्यवस्था एवं कोडरमा जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए घातक साबित होगा। समिति ने कोडरमा जिले के शैक्षणिक समस्याओं पर ध्यानाकर्षण कराया।साथ ही कोडरमा जिले में उच्चतर शिक्षा में शिक्षकों की भारी कमी दूर करने की भी बात रखी।
इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से संरक्षक राम रतन अवध्या, अध्यक्ष महेश भारती, सचिव देवेंद्र कुमार, सह-सचिव मो. अली शाद एवं मीडिया प्रभारी रवि पासवान शामिल थे।महामहिम को ज्ञापन सौंपने के बाद संरक्षक राम रतन अवध्या ने कहा की "जे जे कॉलेज को जबरन दूसरे विश्वविद्यालय में स्थानांतरित करना छात्रों के हितों के खिलाफ है। कोडरमा की जनता इस अन्याय को कभी स्वीकार नहीं करेगी। सरकार को तुरंत यह निर्णय वापस लेना चाहिए।

सह सचिव मो.अली शाद ने कहा की छात्र-युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल इस गजट को रद्द करना चाहिए।मीडिया प्रभारी रवि पासवान ने एकजुटता पर बल देते हुए कहा की जे जे कॉलेज को बचाने के लिए कोडरमा का छात्र-युवा पूरी तरह एकजुट है। यह केवल एक कॉलेज का सवाल नहीं, बल्कि पूरे जिले की शिक्षा व्यवस्था और हमारे भविष्य का सवाल है।

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.


