Koderma News: झंडा चौक से अशोका होटल तक 15 दुकानों में सघन जांच, दुकानदारों में हड़कंप
पैकेज्ड फूड पर एक्सपायरी और एफएसएसएआई नंबर अनिवार्य
कोडरमा के झुमरीतिलैया में खाद्य सुरक्षा एवं टोबैको कंट्रोल सेल की टीम ने 15 प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाकर कैंसरकारक रंग युक्त खाना नष्ट कराया और जुर्माना वसूला।
कोडरमा: विभागीय निर्देशानुसार शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, कोडरमा एवं टोबैको कंट्रोल सेल की संयुक्त टीम ने झुमरीतिलैया में झंडा चौक से अशोका होटल के बीच स्थित लगभग 15 खाद्य प्रतिष्ठानों एवं फूड स्टॉल्स का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पैकेज्ड खाद्य सामग्रियों की जांच करते हुए कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि केवल वही उत्पाद बिक्री के लिए रखें जिन पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी, यूज़ बाय तिथि तथा निर्माता का पूरा पता अंकित हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्माता और विक्रेता दोनों पर कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान कई फूड स्टॉल्स पर चाट, छोले एवं चटनी में प्रयोग किए जा रहे रंग की जांच की गई।


जिन खाद्य कारोबारियों के पास फूड लाइसेंस नहीं है, उन्हें शीघ्र प्रज्ञा केंद्र अथवा सदर अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय में आवेदन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि गलत जानकारी देकर प्राप्त किए गए फूड लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे तथा संबंधित लोगों पर आर्थिक दंड की कार्रवाई भी होगी।
टीम ने सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं फूड स्टॉल संचालकों को साफ-सफाई, स्वच्छता एवं हाइजीन का पालन करने, फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने, एक्सपायरी या सड़ी-गली खाद्य सामग्री तत्काल नष्ट करने तथा पनीर, खोआ सहित अन्य खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से पक्का बिल लेकर खरीदने के निर्देश दिए। साथ ही मसाला, नमकीन, मिक्सचर, लड्डू, सॉस, कैंडी, पानी की बोतल एवं कोल्ड ड्रिंक्स जैसी पैकेज्ड खाद्य सामग्रियों की खरीद-बिक्री से पहले उन पर लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और निर्माता का पूरा पता सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगली जांच में दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी उमेश कुमार, जिला परामर्शी दीपेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक एस. एन. सिंह, आरक्षी संदीप कुमार, डेटा एंट्री ऑपरेटर धर्म प्रसाद सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.


