सीवान में जाली नोट छापने का भंडाफोड़, मशीन समेत भारी मात्रा में नकली नोट बरामद
पंडितपुरा गांव में देर रात छापेमारी, एक महिला और एक पुरुष हिरासत में
बिहार के सीवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र स्थित पंडितपुरा गांव में पुलिस ने कथित जाली नोट छापने के ठिकाने का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान प्रिंटिंग मशीन, नकली नोट बनाने के उपकरण, सामग्री और बड़ी मात्रा में कथित जाली नोट बरामद किए गए।
सीवान: बिहार में सीवान जिले में नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने कथित रूप से जाली नोट छापने के एक ठिकाने का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान जाली नोट छापने की मशीन, प्रिंटिंग से जुड़े उपकरण, नकली नोट बनाने में प्रयुक्त सामग्री तथा बड़ी मात्रा में छपे हुए कथित जाली नोट बरामद किए गए। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर अधिक जानकारी साझा नहीं कर रही है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने भी जांच पूरी होने तक कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां अभी सार्वजनिक नहीं की जा रही हैं। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
फिलहाल बरामद सामग्री की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के साथ हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ जारी है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


